औरैया। बीहड़ से सटे एक गांव में शनिवार रात को भाइयों में हुए जमीन के विवाद से आहत ग्रामीण ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए।
हालत में सुधार न होने पर रीजेंसी अस्पताल कानपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान ग्रामीण ने रात में दम तोड़ दिया। परिजनों ने गांव में अंतिम संस्कार किया।
कोतवाली क्षेत्र के क्योंटरा गांव निवासी रज्जन लाल (53) ने शनिवार शाम घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन निजी अस्पताल औरैया ले गए, पर हालत में कोई सुधार न हुआ। ऐसे में परिजन उन्हें कानपुर के रीजेंसी अस्पताल लेकर गए। उपचार के दौरान रात उनकी मौत हो गई।
कानपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा। रविवार दोपहर परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और यमुना किनारे कोतवाली पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया।
इंडियन ऑयल चौकी प्रभारी गणेश गुप्ता ने बताया कि रज्जन लाल का भाइयों से जमीन के बंटवारे का विवाद था। इससे आहत होकर उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया था।