फफूंद रेलवे स्टेशन पर युवक को बाहर जाने की हिदायत देते आरपीएफ इंस्पेक्टर रजनीश। संवाद
- फोटो : AURAIYA
दिबियापुर/अछल्दा (औरैया)। अग्निपथ योजना पर युवाओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन खासा सतर्क रहा। औरैया के अछल्दा रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में युवा विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। पुलिस को आता देख भाग निकले। इसमें दो संदिग्ध छात्र हत्थे चढ़ गए। उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। देर रात पुलिस ने दोनों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की है।
अग्निपथ योजना का युवाओं और छात्रों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। शुक्रवार को जुमे की नमाज के साथ रेलवे स्टेशनों पर सख्ती बढ़ा दी गई। इसी बीच सूचना मिली कि कुछ छात्र अछल्दा रेलवे स्टेशन पर उपद्रव के लिए पहुंच रहे हैं। इसकी जानकारी होते ही कई थानों के फोर्स के साथ थानाध्यक्ष दीपक सिंह, सीओ बिधूना महेंद्र सिंह, एसडीएम लवगीत कौर जा पहुंचे।
झुंड बनाकर खड़े युवक पुलिस को देखकर भागने लगे तो पुलिस ने पीछा कर दो युवकों को हिरासत में ले लिया। देर रात दोनों युवकों लक्ष्मीनगर, अछल्दा निवासी सुमित कुमार व नेविलगंज अछल्दा निवासी पंकज यादव के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई। इधर फफूंद(दिबियापुर) स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन को देखते हुए आरपीएफ प्रभारी थाना फफूंद रजनीश एवं जीआरपी उपनिरीक्षक मुनेंद्र कुमार ने सुबह से ही रेलवे स्टेशन पर गश्त शुरू कर दी।
फफूंद में रुकने वाली ट्रेनों में सघन चेकिंग की। ट्रेनों के जाने के बाद प्लेटफार्मों पर बैठे युवाओं स्टेशन परिसर से जाने की हिदायत दी गई। डीएम प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव, एसपी अभिषेक वर्मा, मजिस्ट्रेट रमेश यादव, दिबियापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्रा के नेतृत्व में खासी संख्या में पुलिस बल ने रेलवे स्टेशन फफूंद पर गश्त की।
फफूंद रेलवे स्टेशन पर मौजूद डीएम प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव। संवाद- फोटो : AURAIYA
अछल्दा रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान एसपी अभिषेक वर्मा एवं एसडीएम लवगीत कौर। संवाद- फोटो : AURAIYA