रुरुगंज। विराउसर के पास सोमवार सुबह करीब नौ बजे फर्रुखाबाद के शृंगीरामपुर से जल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के दो वाहनों पर बाइक सवारों ने हमला कर दिया। जिससे डीजे वाली पिकअप और एक कार पर के शीशे टूट गए। पुलिस ने पहुंचकर छानबीन की।
अछल्दा के मोहम्मदाबाद निवासी हर्षित शुक्ला ने पुलिस को सूचना दी। पिकअप चालक हरिओम निवासी अछल्दा ने पुलिस को बताया कि उनकी 20 लोगों की टीम जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवारों ने हमला कर दिया। हमला करने वाले एक युवक की टी-शर्ट पर नगला चिंता लिखा हुआ था। सूचना पर रुरुगंज चौकी प्रभारी अजय प्रताप सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
प्राथमिक जांच में ओवरटेक को लेकर दोनों पक्षों में भिड़ंत हुई थी। सीओ पी पुनीत मिश्रा ने बताया कि मामले की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो रामू। फाइल फोटो
ट्रैक्टर की टक्कर से कांवड़िये की मौत से परिजन में मचा कोहराम
कंचौसी। दिबियापुर थाना क्षेत्र के मढ़नई गांव निवासी रामू सिंह गौर (50) कांवड़ लेकर जा रहे थे। रास्ते में कानपुर देहात के शिवली और कानपुर के चौबेपुर के बीच सामने से आ रहे बेकाबू ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में रामू सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार गांव के ही रामशरण (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते घटनास्थल के लिए रवाना हो गए।(संवाद)