सहार। ग्राम पंचायत निवादा धाधू में लंबे समय से चोक नालियों और जलभराव की समस्या से ग्रामीण परेशान थे। कई शिकायतों के बाद भी समाधान न होने पर रविवार को करीब 20 से 25 ग्रामीणों ने एकजुट होकर खुद ही नालियों की सफाई की।
ग्रामीणों ने बताया कि दो वर्षों से सफाई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आ रहा है, जिससे नालियां बंद हैं। नालियां बंद होने से गंदा पानी सड़क पर भर जाता है और दुर्गंध फैलती है। सरमन लाल, हरिश्चंद्र, मोहित कुमार सहित अन्य ग्रामीणों को मजबूरन स्वयं नालियों में उतरकर सफाई करनी पड़ी।
ग्राम प्रधान हिमांचल वर्मा ने बताया कि सड़क नीचे होने के कारण पानी भरने की समस्या है। करीब चार महीने से सफाई कर्मचारी नहीं है। इससे निजी सफाई कर्मी लगाकर सफाई कराई जा रही है।