औरैया। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चलाया जा रहा टीकाकरण अभियान मई के पहले सप्ताह में हांफता दिखाई दे रहा है। विभागीय अधिकारियों द्वारा लोगों को जागरुक न किए जाने और 18 से 45 वर्ष के आयु वालों को टीकाकरण न किए जाने से लोगों में उत्साह कम है।
शासन के निर्देश पर कोरोना संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए 45 साल से अधिक उम्र वालों को टीकाकरण के लिए एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक तीसरा टीकाकरण अभियान चलाया गया था। इस माह में एक लाख 12 हजार 400 लाभार्थियों को टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित शासन से किया गया था। जिले के अधिकारियों ने इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए कुल 47 सेंटर बनाए थे। अप्रैल के शुरुआत में टीकाकरण कराने वालों की जबरदस्त भीड़ रही।
15 अप्रैल तक भीड़ होने के चलते स्वास्थ्य कर्मियों को दिक्कतें उठानीं पड़ी। इस दौरान प्रतिदिन चार हजार से अधिक लाभार्थी टीकाकरण कराने पहुंच रहे थे। भीड़ को देखते हुए सेंटरों पर संख्या बढ़ानी पड़ी। लेकिन 20 अप्रैल के बाद से टीकाकरण कराने वालों की संख्या में गिरावट शुरू हो गई।
वैक्सीन समाप्त होने की सूचना के बाद से टीकाकरण कराने वालों की संख्या एक हजार के करीब जा पहुंची। मई में चौथा टीकाकरण अभियान शुरू हो चुका है। इस अभियान में 18 साल से 45 साल के लोगों को शामिल करना था। लेकिन वैक्सीन न आने के चलते 18 से 45 साल के लोगों का टीकाकरण नहीं हो रहा है। मई माह में टीकाकरण कराने वालों की संख्या महज 150 के आसपास देखने को मिल रही है।
इनसेट --
मई में कोरोना संक्रमण से बचाव के टीकाकरण की स्थिति
दिन पहला टीका दूसरा टीका
एक मई 83 58
दो मई 00 00
तीन मई 70 116
चार मई 55 97
पांच मई 73 89
अप्रैल का लक्ष्य नहीं हुआ पूरा
अप्रैल माह में एक लाख 12 हजार 400 लाभार्थियों का टीकाकरण किया जाना था। शुरुआत में उत्साह दिखा। लेकिन वैक्सीन लगवाने के बाद भी लोग संक्रमित आने लगे। जिसके चलते लोगों में उत्साह कम हो गया। अप्रैल माह में सिर्फ 57 हजार लाभार्थियों ने ही टीकाकरण कराया है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
टीकाकरण अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिले में वैक्सीन की कमी नहीं हैं। 45 साल से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। अभी 18 से 45 साल के लोगों का टीकाकरण का आदेश शासन से प्राप्त नहीं हुआ है और न ही प्रदेश सरकार ने इस वर्ग के लोगों का टीकाकरण करने के लिए वैक्सीन उपलब्ध कराई है। शासन द्वारा लक्ष्य तय होने के बाद टीकाकरण कराया जाएगा। बताया कि 45 साल से अधिक आयु के लोगों में उत्साह नहीं दिख रहा है। स्वास्थ्य टीमें लगातार लोगों को टीकाकरण कराने के प्रति जागरूक कर रहीं हैं।