बिधूना। किशनी रोड स्थित सिविल कोर्ट परिसर में बुधवार दोपहर करीब दो बजे हंगामा करते हुए एक युवक कोर्ट परिसर में मोबाइल फोन से वीडियो बनाने लगा। ड्यूटी पर तैनात कोर्ट मुहर्रिर पन्नालाल द्वारा रोकने पर युवक ने चिल्लाना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक ने कोर्ट मुहर्रिर से हाथापाई कर दी। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा स्थित अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय में तैनात हेड मुहर्रिर पन्नालाल बताया कि वह दोपहर को कोर्ट में काम कर रहा था। इसी दौरान बरामदे में तेज आवाज सुनकर बाहर निकला तो एक युवक मोबाइल फोन से कोर्ट परिसर का वीडियो बना रहा था। मना करने पर गुस्साया युवक गाली-गलौज करने लगा। सरकारी कार्य में बाधा डालने ना प्रयास करने लगा। सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात आरक्षी विमल कुमार मौके पर पहुंच गए। दोनों ने मिलकर युवक को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपना नाम राहुल यादव निवासी पुने थाना बेला बताया। तलाशी लेने के दौरान युवक पुलिस का विरोध करने हुए पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने लगा।
आरोप है कि युवक ने पुलिस कर्मियों से हाथापाई तक कर दी। शोर सुनकर कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ता व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद युवक को नियंत्रित कर पाए। बाद में उसे कोतवाली ले जाया गया। सीओ बिधूना पी पुनीत मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।