फोटो-41- हंगामा काटने के दौरान बेहोश हुई महिला को संभालते परिजन। संवाद
बेला। क्षेत्र के गांव जिंदपुर में धंस रही जमीन पर टावर निर्माण को लेकर विवाद हो गया। रविवार को चौकी इंचार्ज संतोष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी लगाकर निर्माण कार्य शुरू कराया। निर्माण कार्य शुरू होने की जानकारी मिलते ही पीड़ित पक्ष कई महिलाओं के साथ मौके पर पहुंच गया और हंगामा करने लगा। हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने मौके पर निर्माण बंद करा दिया और वहां से लौट गई।
गांव निवासी विद्याराम ने पड़ोसी पर मकान से सटाकर टावर का निर्माण कराने का आरोप लगाया है। ग्रामीण ने शनिवार को थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर बरसात के दौरान निर्माण कार्य से मकान की दीवार और भवन को खतरा होने की शिकायत की थी। विद्याराम ने बताया कि पड़ोसी उसके मकान के बगल में टावर का निर्माण करा रहे हैं। बरसात के कारण मकान में नमी आने लगी है। शिकायतकर्ता ने निर्माण कार्य बंद कराने और दीवार के किनारे मिट्टी डलवाने को कहा, लेकिन आरोप है कि उसकी बात नहीं मानी गई।
ग्रामीण का कहना है कि 29 अगस्त को मकान की दीवार के बराबर निर्माण स्थल की जमीन धंसकर दलदल जैसी हो गई। इससे दीवार और भवन को नुकसान पहुंचने की आशंका है। वहीं, रविवार को विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने फिलहाल काम रुकवा दिया है। हालांकि इस दौरान नोकझोंक होती रही। थाना प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
फोटो-41- हंगामा काटने के दौरान बेहोश हुई महिला को संभालते परिजन। संवाद
फोटो-41- हंगामा काटने के दौरान बेहोश हुई महिला को संभालते परिजन। संवाद