ककोर। ग्राम पंचायत सोंधेमऊ के मजरा नवलपुर के किसानों ने सोमवार को कलक्ट्रेट में हंगामा किया और गोशाला संचालक पर रात में गोवंशों को छोड़ने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
भाग्यनगर विकास खंड की ग्राम पंचायत सोंधेमऊ के मजरा नवलपुर के किसान सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचे। करीब आधे घंटे तक हंगामा किया। डीएम सुनील वर्मा को बताया कि गोशाला में बंद गोवंशों को संचालक रात में छोड़ देता है। मवेशी फसलों को चट कर जाते हैं।
इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है। कई बार गोशाला संचालक से इसका विरोध किया लेकिन वह अपनी हरकतों में बाज नहीं आ रहा है। कई किसानों की सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद हो चुकी है। डीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान किसान सुंदरलाल, अर्जुन सिंह, कैलाश बाबू, जबर सिंह, सोनू, तेज सिंह, पंकज, राज बहादुर, देशराज, कुलदीप, सुनील, राम शरण आदि मौजूद रहे।