औरैया। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के लिए प्रारंभिक परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को पूर्ण कर ली गई, लेकिन जिले में सूची नहीं पहुंची। देर शाम तक अधिकारी सूची का इंतजार करते रहे। अब इन केंद्रों की जांच का कार्य शुरू होगा। 30 दिसंबर तक केंद्रों की फाइनल सूची जारी कर दी जाएगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से 26 मार्च तक आयोजित होनी है। इसके लिए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाना है। पहले चरण में जिले की संस्तुति पर प्रारंभिक केंद्रों की सूची तैयार होनी थी। बृहस्पतिवार को यह प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई। इसकी सूची का देर शाम तक इंतजार होता रहा, पर सूची नहीं आई। शुक्रवार को सूची आने की उम्मीद है। सूची मिलने के बाद इन केंद्रों की जांच की जाएगी और 30 नवंबर तक इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। पिछले सत्र में 68 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। विगत वर्ष हाईस्कूल के 20,866 छात्रों ने परीक्षा दी थी, इस बार यह संख्या 20,866 हो गई है। इसमें मामूली बढ़त है। विगत वर्ष इंटरमीडिएट के 21,378 छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, इस बार यह संख्या घटकर 19,349 हो गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य ने बताया कि बृहस्पतिवार को सूची नहीं आई। जांच के बाद ही तय होगा कि केंद्र बढ़े या कम हुए।