बिधूना। बुधवार शाम रेलवे ट्रैक पर मिले शव की बृहस्पतिवार को शिनाख्त हो गई। पुलिस ने मौके से मिले टूटे मोबाइल का सिम दूसरे मोबाइल में डालकर परिजन से संपर्क किया जिससे उसकी पहचान हो गई। जांच में सामने आया कि पुलिस के समझौता कराने के बाद भी पत्नी मायके चली गई तो युवक ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
अछल्दा क्षेत्र के बैसोली गांव के पास दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर जोधपुर-हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई थी। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी पंकज मिश्रा ने शव की पहचान न होने पर मोर्चरी भेज दिया था। घटनास्थल पर मिला टूटा मोबाइल ही शिनाख्त की सबसे बड़ी कड़ी बना। थानाध्यक्ष ने टूटे मोबाइल से सिम निकालकर दूसरे मोबाइल में डाली और प्राप्त नंबरों पर संपर्क कर परिजन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे चचेरे भाई टिंकू व ग्रामीणों ने युवक की पहचान रामकेश (30) निवासी सराय महाजन, रुरुगंज थाना बिधूना के रूप में की।
बताया गया कि बुधवार को रामकेश की पत्नी वर्षा का मायके जाने की बात पर रामकेश से विवाद हुआ था। इस पर पत्नी ने 112 डायल कर पुलिस बुला ली थी। पुलिस ने मौके पर दोनों पक्षों में समझौता कराया। ग्रामीणों ने बताया कि इसके बाद भी पत्नी मायके चली गई और इसी तनाव में रामकेश घर से निकल गया था। थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने बताया कि युवक की पहचान होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
पुलिस के अनुसार रामकेश की पहली पत्नी की दो साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद एक साल पहले उसने वर्ष से दूसरी शादी की थी। मृतक के परिवार में मां सुखरानी, चार भाई और एक बहन है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।