घटना की सूचना पर जांच करते इंडियन ऑयल चौकी इंचार्ज प्रवेंद्र कुमार व मौजूद व्यापारी नेता राजेश ब?
- फोटो : AURAIYA
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र की इंडियन आयल पुलिस चौकी व पुलिस लाइन के बीच स्थित एक स्टूडियो में चोरों ने बीती रात चोरी की कोशिश की। इस दौरान चोर दुकान का सिर्फ एक ताला ही तोड़ सके। घटना की जानकारी दुकानदार को सुबह दुकान पहुंचने पर हुई। पीड़ित ने घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर ताले टूटने की जानकारी मिलते ही व्यापारी नेताओं ने मौके पर पहुंचकर पुलिस की सुरक्षा कार्यशैली पर सवाल उठाए।
मोहल्ला ब्रह्मनगर निवासी व प्रेम स्टूडियो संचालक सूर्य कुमार बाजपेई पुत्र संतोष कुमार ने कोतवाली पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शुक्रवार की रात में वह अपनी दुकान बंद करके घर चला गया। इसे बाद दूसरे दिन शनिवार की सुबह लगभग नौ बजे जब वह दुकान खोलने आया तो शटर के एक तरफ का ताला गायब था। तथा दूसरे तरफ का ताला पिचका हुआ था।
स्टूडियो संचालक ने इसकी जानकारी व्यापारी नेताओं के अलावा कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की वहीं मौके पर पहुंचे व्यापारी नेता राजेश उर्फ बबलू बाजपेई ने कहा कि शहर में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। जिससे व्यापारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
बताया कि पिछले दिनों सदर बाजार व तहसील रोड पर दो दुकानों से चोरों ने सामान पार कर दिया था। जिसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। उन्होंने कोतवाली पुलिस से हो रहीं चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा पिछली चोरी की घटनाओं का खुलासा करने की मांग की है।