औरैया के अजीतमल क्षेत्र के गांव मलगंवा चौकी अंतर्गत एक गांव निवासी पीड़ित अपने 10 वर्षीय मासूम के साथ हुए अप्राकृतिक सामूहिक दुष्कर्म का प्रार्थना पत्र लेकर मामला दर्ज कराने को कोतवाली के चक्कर लगा रहा है। थाना पुलिस से न्याय मिलता न देख पीड़ित पिता ने एसपी से नाबालिक पुत्र की डॉक्टरी जांच कराने के साथ ही कार्रवाई करने की मांग की है
अजीतमल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित पिता ने बताया कि 24 अप्रैल को उसके 10 वर्षीय पुत्र को गांव निवासी तीन लोग बेटे को अपने साथ नहर किनारे ले गए। आरोप है कि तीनों ने बारी-बारी से उसके पुत्र के साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया। जब उसके पुत्र ने घर पर इसकी शिकायत करने की बात कही तो आरोपियों ने पुत्र को हाथ-पैर बांधकर नहर में फेंकने की धमकी दी।
पुत्र को शारीरिक परेशानी होने पर उसने घटना की जानकारी दी। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। कार्रवाई करना तो दूर पुलिस से शिकायत करने के कई दिन बाद भी रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई है। लगातार वह थाने से लेकर सीओ दफ्तर के चक्कर लगा रहा है।
आज तक पीड़ित पुत्र का न तो डाक्टरी परीक्षण कराया गया और नहीं आरोपियों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया। पीड़ित पिता ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है। एसपी अपर्णा गौतम ने बताया कि इस मामले की जांच करा कर कार्रवाई की जाएगी।