फोटो-24- सीएचसी में महिला का उपचार करते डॉक्टर व मौजूद परिजन। संवाद
बिधूना। कस्बे के मोहल्ला किशोरगंज में बुधवार को एक विवाहिता ने ब्लेड से अपना गला रेत लिया। महिला ने अपने हाथ और गर्दन पर ब्लेड से कई वार किए, इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। परिजन ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां गंभीर हालत में उसे तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। महिला कुछ समय से बीमार और तनाव में थी।
मोहल्ला किशोरगंज निवासी निशांत की 28 वर्षीय पत्नी अनु राठौर बुधवार को घर पर थीं। दोपहर में उसके पति दुकान पर गए थे। घर में वृद्ध पिता लज्जाराम थे, तभी अनु ने बाथरूम में जाकर अपना गला रेत लिया। काफी देर तक जब अनु बाहर नहीं आई और पिता ते आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने भीतर जाकर देखा। अंदर का मंजर देख पिता के होश उड़ गए। अनु वहां खून से लथपथ बेहोश पड़ी थी। परिजन तत्काल उसे सीएचसी ले गए।
डॉक्टर के अनुसार गर्दन पर गहरा घाव होने और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। महिला के पिता ने बताया कि अनु पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी और मानसिक रूप से परेशान थी। इसी तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। बिधूना के कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि हालत में सुधार के बाद महिला से घटना के बारे में पूछताछ की जाएगी।