हाइवे पर क्षतिग्रस्त खड़ी अर्टिका कार।
- फोटो : अमर उजाला
हाइवे पर कानपुर की ओर जा रही एक बेकाबू कार सिक्सलेन पार करते हुये डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गये। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। हरियाणा से लखनऊ जा रही अर्टिका कार बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कोतवाली अजीतमल क्षेत्र के अमावता चौराहे के पास हाइवे पर पहुंची। तभी कार बेकाबू होकर डिवाइडर पर चढ़ती हुई पलट गई। इसके बाद फिर सीधी होकर सर्विस रोड के डिवाइडर पर चढ़ गई।
इससे कार क्षतिग्रस्त हो गयी। कार में सवार दिनेश पुत्र कमलसिंह, संदीप व रोहिताश पुत्रगण प्रकाश सिंह निवासीगण बीपी एकता कालोनी थाना चीना, रोहतक हरियाणा घायल हो गये। आस पास के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। दुर्घटनाग्रस्त कार के पास सोडा व शराब की बोतलें पड़ी मिलीं। पुलिस ने आशंका जताई कि नशे की हालत में घटना हुई। गनीमत रही कि उस समय हाईवे पर यातायात नही था वरना बड़ा हादसा हो जाता।