आकाशीय बिजली गिरने से घायल युवक
- फोटो : amar ujala beuro
जिले में दो अलग-अलग जगह आकाशीय बिजली गिरने से दो युवक घायल हो गए। वहीं एक जगह छत में दरार भी पड़ गई। घायल युवकों को परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया।
गांव डमरपुर निवासी विमल (25) पुत्र टक्कू कठेरिया रविवार रात घर के आंगन में लेटा था। सुबह तड़के अचानक बिजली तड़की और धमाके के साथ विमल के घर पर गिर गई। आकाशीय बिजली गिरने से विमल झुलस गया। जबकि पत्नी रीना और परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। घटना की जानकारी होने पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया है।
इस संबध में तहसीलदार बिधूना अजीत कुमार यादव ने बताया कि कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाई जाएगी।
वहीं कस्बा रुरुगंज चौकी के गांव इकहरा में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। क्षेत्र के गांव जशोदा नगला निवासी गिरीश (22) पुत्र देवजीत यादव सोमवार सुबह अपने निजी काम से रूरूगंज आया था। जब वह घर लौट रहा था तभी इकघरा गांव के पास अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। आकाशीय बिजली गिरने से वह झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को निजी अस्पताल भर्ती कराया है।
बिजली गिरने से बिजली आपूर्ति ठप
क्षेत्र में बिजली के तारों पर आकाशीय बिजली गिरने से सोमवार को बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह से आसमान में गहरे बादल छाए रहे और लगभग 10 बजे तेज आवाज के साथ बिजली अजीतमल क्षेत्र के आसपास गिरी। बिजली गिरने से जगह-जगह कई पेड़ टूट गए। वही असैनी से अजीतमल तक आई 33 हजार केवी की एचटी लाइन पर आकाशीय बिजली गिरने से कई खंभों के इंसूलेटर फुंक गए। बिजली उपकेंद्र अजीतमल के जेई अरविंद कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से फुंके इंसुलेटर को बदलने का काम जारी है। जल्द ही लाइन सही कराकर बिजली आपूर्ति की जाएगी।
बिजली गिरने से किशोरी घायल
थाना क्षेत्र के ग्राम भैसोल में सोमवार की आकाशीय बिजली नीम के पेड़ के ऊपर गिर जाने से नीचे बैठी शिवानी (15) पुत्र विष्णु पाल सविता झुलस गई। परिजनों ने किशोरी को आनन-फानन अस्पताल भर्ती कराया।