कंचौसी (औरैया)। बिहारीपुर उपकेंद्र से जुड़े कंचौसी फीडर में आठ घंटे के अंतराल में दो स्थानों पर रखे ट्रांसफार्मर फुंक गए। इससे कस्बे के 70 घरों की बिजली गुल हो गई।
बिजली के अभाव में लोग न सिर्फ पानी को तरसे, बल्कि उनके मोबाइल भी डिस्चार्ज हो गए। कंचौसी रेलवे स्टेशन के समीप रखा 10 केवीए का ट्रांसफार्मर शनिवार शाम 5 बजे जल गया। इससे जुड़े 15 घरों की आपूर्ति ठप हो गई।
बिजली के अभाव में मशीनें व उपकरण शोपीस बनकर गए। सूचना देने के बाद भी जला ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका। वहीं, रात एक बजे कंचौसी औरैया रोड पर लगा 63 केवी का ट्रांसफॉर्मर तेज आवाज के साथ जल गया। इससे जुड़े करीब 55 घर अंधेरे में डूब गए।
बिजली गुल होने से रात भर लोग भीषण गर्मी से हाल बेहाल नजर आए। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे बच्चों व बुजुर्गाें को उठानी पड़ी। शिकायत के बाद भी खराब ट्रांसफार्मर बदले नहीं गए।
स्थानीय निवासी पप्पू, रफीक सिद्दीकी, प्रशांत मिश्रा, दीना नाथ, अशोक राठौर ने बताया कि अधिक लोड होने से ट्रांसफार्मर बार- बार जल रहे हैं। जेई सतीश जायसवाल ने बताया कि जल्द ही ट्रांसफार्मर को बदलकर आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।