बिधूना। बेला थाना क्षेत्र के गांव पूर्वा पूने में बुधवार को जमीन विवाद पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले, जिसमें दोनों पक्षों के कुल सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
गांव निवासी प्रवीण कुमार ने बताया कि परिवार के लोगों से एक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार को दूसरे पक्ष ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों, सरिया और धारदार हथियारों से उन पर हमला किया। इस मारपीट में प्रवीण कुमार, उनके भाई जितेंद्र, भाभी अंजना और संदीप घायल हो गए। दूसरे पक्ष से सुधा, उनके पुत्र नितिन और ऋषभ भी चोटिल हुए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी बिधूना पहुंचाया।
प्रवीण कुमार का कहना है कि विवादित जमीन का मामला एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद जमीन पर कब्जे को लेकर आए दिन विवाद होता है। उन्होंने बेला पुलिस के हलका इंचार्ज पर दूसरे पक्ष से मिलीभगत का आरोप लगाया है और कार्रवाई न होने की शिकायत की है। बेला थाना प्रभारी अनिलेश कुमार ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर मारपीट हुई है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-36-घायल जितेंद्र। संवाद
फोटो-36-घायल जितेंद्र। संवाद