सभी घायल गंभीर हालत में सैफई रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। औरैया-दिबियापुर मार्ग पर गांव नगला जयसिंह के पास बाइकों की भिड़ंत में दोनों के चालकों की मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठी मां-बेटी समेत तीन लोग घायल हो गए। दो घायलों को गंभीर हालत में सैफई रेफर कर किया गया है।
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गांव कुचैली निवासी लउआ सिंह (61) अपनी बेटी आराधना और नातिन वंशू के साथ अपने साले रामदास के बेटे की शादी में सम्मिलित होने बाइक से कानपुर देहात के मुंगीसापुर जा रहे थे। दोपहर लगभग तीन बजे वह दिबियापुर मार्ग पर गांव नगला जयसिंह के पास पहुंचे थे। तभी सामने से आ रहे दूसरे बाइक सवार से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। वहीं बाइकों के परखच्चे उड़ गए। इसी बीच पीछे से तेज गति आ रहा ऑटो भी अचानक से हुई घटना से लड़खड़ा गया बाइक सवारों से जा टकराया।
पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी दिबियापुर पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने दोनों बाइक सवार लउआ सिंह व दूसरी बाइक सवार तिलक नगर सैनिक कॉलोनी निवासी सुनील कुमार (27) को मृत घोषित कर दिया। लउआ सिंह के साथ बाइक सवार उनकी बेटी मैनपुरी में बेबर की नगला कैली निवासी आराधना एवं नातिन वंशू और मृतक सुनील की बाइक पर बैठे सहायल के पहाड़पुर निवासी छुन्नीलाल को सैफई रेफर कर दिया गया। हादसे दो वर्षीय वंशू को सिर्फ हल्की चोटें आईं हैं।