घटनास्थल पर मौजूद सीओ अजीतमल कमलेश पांडेय
- फोटो : AURAIYA
औरैया। थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को अपने घर की छत पर खड़ी एक युवती की पड़ोसी युवक मोबाइल से फोटो खींचने लगा। इसी बात पर दोनों पक्षों में मारपीट के साथ ही पथराव व फायरिंग हो गई। संघर्ष मे दो लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल भेजा गया है। फायरिंग की सूचना पर सीओ सदर मौके पर पहुंचे और छानबीन की। पुलिस फायरिंग की घटना को गलत बता रही है। फिलहाल दोनो पक्षों की ओर से अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।
एक गांव निवासी एक व्यक्ति की बेटी दोपहर में अपने मकान की छत पर खड़ी थी। उसी दौरान पड़ोसी युवक पर मोबाइल से बहन फोटो खींचने का आरोप युवती के भाई ने लगाया। इस पर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए और पथराव शुरू हो गया। इस दौरान युवती का भाई और आरोपी दोनों घायल हो गए। आरोपी पर झगड़े के दौरान फायर करने का भी आरोप युवती के भाई ने लगाया है।
झगड़े व फायरिंग की सूचना पर सीओ अजीतमल कमलेश नारायण पांडेय भी गांव पहुंचे। घटना की जानकारी ली। सीओ ने बताया की दो पक्षों में पथराव हुआ है। फायर के मामले की जांच की जा रही है। हालांकि प्रारंभिक जांच में फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने दोनो पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लिया है। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस लगा दी गई है।