अजीतमल। गूगल मैप की मदद से प्रवक्ता भर्ती परीक्षा के लिए अपने केंद्र के लिए निकले दो अभ्यर्थी केंद्र के एक जैसे नाम के चलते गलत पते पर पहुंच गए।
गलत पते की जानकारी होने पर दोनों अभ्यर्थी किसी तरह 35 किलोमीटर दूर सही केंद्र पर पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। केंद्र के बाहर मौजूद पुलिस बल ने दोनों अभ्यर्थियों को प्रवेश देने से इन्कार कर दिया।
रविवार को जिले के नौ केंद्रों पर हुई प्रवक्ता भर्ती परीक्षा में गूगल मैप से केंद्र की तलाश दो अभ्यर्थियों को भारी पड़ गई। कानपुर निवासी अभ्यर्थी पूजा शुक्ला व संजय कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्र खोजने के लिए उन्होंने गूगल मैप का सहारा लिया लेकिन मैप ने उन्हें जनता इंटर कॉलेज ककोर बुजुर्ग की लोकेशन पर पहुंचा दिया।
वहां पहुंचने के बाद उन्हें जानकारी हुई कि उनका वास्तविक परीक्षा केंद्र श्रीजनता इंटर कॉलेज अजीतमल है। इसके बाद वे जल्दबाजी में किसी तरह वाहन से 35 किलोमीटर दूर अजीतमल पहुंचे लेकिन तब तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश का समय समाप्त हो चुका था।
अभ्यर्थियों ने बताया कि गलत लोकेशन के कारण उनका काफी समय बर्बाद हो गया। वे परीक्षा में शामिल होने का अवसर खो बैठे। वहीं परीक्षा केंद्र प्रभारी श्रीकृष्ण मोहन उपाध्याय ने बताया कि बोर्ड के निर्देशों के अनुसार परीक्षा में प्रवेश सुबह 8 से 8:45 बजे तक होना था लेकिन दोनों परीक्षार्थी 9 बजे के बाद परीक्षा केंद्र पर पहुंचे।
इसकी जानकारी उपस्थित परीक्षा अधिकारियों को दी गई लेकिन निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जा सकने के आदेश के तहत उन्हें केंद्र में दाखिल नहीं होने दिया गया।