संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा में सोमवार की शाम बाइक सवारों ने घर में घुसकर दो महिलाओं पर गोली चलाई थी। इसमें घायल दो महिलाओं में एक की मौत हो गई थी। मामले में नामजद दो हत्यारोपी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।
इस दौरान पुलिस ने हमले में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है। पुलिस दोनों आरोपियों से जहां पूछताछ कर रही है। तो वहीं अन्य फरार तीन आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा निवासी रामबाबू की ओर से कोतवाली में बहन लक्ष्मी उर्फ राजा के जेठ कबीरपुर निवासी राजू, उसके पुत्र कल्लू, झल्लू, भाई अशोक व भतीजा सोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस घटना में गोली लगने से घायल रूबी की मौत हो गई थी। वहीं लक्ष्मी का अभी हैलट कानपुर में इलाज चल रहा है। उधर, बुधवार को मृतक रूबी का अंतिम संस्कार पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शेरगढ़ घाट पर किया गया।
वहीं पुलिस की ओर से हत्यारोपियों की तलाश में लगी टीमों ने दो हत्यारोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में सीओ महेंद्र प्रताप ने बताया कि गोलीकांड की घटना का मुख्य अभियुक्त राजू व उसका भाई अशोक पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। इसके साथ ही पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है। बताया कि घटना में आपसी बातचीत के बाद विवाद बढ़ने पर मृतक के परिजनों की ओर से पत्थर चलाने से मामला तूल पकड़ गया था।
इसके बाद गोली चलाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की और गहनता से जांच कर रही है। साथ ही घटना में नामजद अन्य तीन हत्यारोपियों की पुलिस सक्रियता से तलाश कर रही है। जल्द ही तीनों फरार आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़ जाएंगे। गोलियों मारकर घायल करने की घटना में जहां एक महिला रूबी की सोमवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
वहीं इस प्रकरण में पुलिस ने बुधवार को दो नामजद हत्यारोपियो राजू और अशोक को गिरफ्तार कर लिया है। घायल दूसरी महिला लक्ष्मी उर्फ राजा के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसमें पुलिया अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। पूरा घटनाक्रम जमीनी विवाद को लेकर हुआ था।