फोटो-12- सड़क किनारे खड़ा ट्रक। संवाद
कुदरकोट। बिधूना-भरथना मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे स्टीयरिंग फेल होने से बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से चालक की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब सरकारी गल्ले का ट्रक अदाणी गल्ला गोदाम बेला से माल खाली कर वापस इटावा लौट रहा था।
ट्रक कुदरकोट से आगे भरथना की ओर गांव छोटी पथरिया के पास पहुंचा था तभी अचानक स्टीयरिंग फेल हो गई। वाहन को बेकाबू होकर सड़क किनारे गड्ढे और खेतों की तरफ भागता देख चालक इटावा सिविल लाइन कोतवाली के मोहल्ला पक्का बाग निवासी रामकिशोर गुप्ता (70) ने जान बचाने के लिए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी। हालांकि, वह ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को सीएचसी एरवा कटरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरे दिन शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने परिजन को सौंप दिया। इसके बाद परिजन इटावा शव लेकर चले गए। थाना प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में दोबामाफी के पूर्व प्रधान की मौत
एरवाकटरा। गांव दोबामाफी के पूर्व प्रधान रामकिशन प्रजापति (58) की शनिवार की सड़क हादसे में मौत हो गई। वह अपनी छोटी बेटी की ससुराल सैफई क्षेत्र के गांव बरौली खुर्द बाइक से जा रहे थे। बेटी की शादी इसी वर्ष हुई थी।
रामकिशन अपने छोटे बेटे शिवा (21) के साथ बाइक से जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे सैफई थाना क्षेत्र के भाऊपुरा गांव के पास उनकी हादसे में मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया। (संवाद)
फोटो-12- सड़क किनारे खड़ा ट्रक। संवाद
फोटो-12- सड़क किनारे खड़ा ट्रक। संवाद