दिबियापुर के औरैया-दिबियापुर मार्ग पर ग्राम समाधान का पुर्वा के पास शनिवार की रात गिट्टी भरे ट्रक और लोडर में भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में लोडर क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरा। लोडर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
शनिवार की रात लगभग तीन बजे औरैया दिबियापुर मार्ग पर गांव समाधान का पुर्वा के पास तेज गति से जा रहे गिट्टी भरे ट्रक और एक लोडर में भिड़ंत हो गई। टक्कर लगने से लोडर क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रक सड़क किनारे जाकर पलट गया।
तेज धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने लोडर के चालक नफीस पुत्र अब्दुल अजीज मस्जिद वाली गली दिबियापुर को बाहर निकाला। पुलिस ने घायल अब्दुल अजीज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उसे रेफर कर दिया गया। इस बीच ट्रक ड्राइवर व हेल्पर मौके से भाग गए।
इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा का कहना है कि खड्ड में पलटे ट्रक को खाली कराया जा रहा है। अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।