औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक ने हेलमेट नहीं पहना था।
कोतवाली के गांव पन्हर निवासी अमित राजपूत (35) अपने साथी परिचालक बृजमोहन के साथ बाइक से लखनऊ जाने के लिए निकले थे। एक्सप्रेसवे एंट्री के पास सर्विस रोड पर अचानक बाइक फिसल गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने अमित को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, बृजमोहन (30) का इलाज चल रहा है। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने परिजन को सूचना दी। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कार की टक्कर से बाइक सवार घायल
अछल्दा। थाना क्षेत्र के बरी मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बघईपुर निवासी राहुल (40) गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहुल दोपहर करीब एक बजे गांव चिमकुनी से अपने घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही अनियंत्रित कार ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल को सीएचसी ले जाया गया। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। (संवाद)