बिधूना (औरैया)। तहसील के थाना सहायल क्षेत्र में एक महिला का नहाते समय वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है।
महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर संजय कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वीडियो बनाने का मामला दो साल पहले का है। आरोपी महिला के अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहा। महिला ने रविवार को पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सहायल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने तहरीर के जरिए पुलिस को मामले की जानकारी दी। बताया कि करीब दो साल पहले औरैया के एक मोहल्ला निवासी एक ड्राइवर उसके एक रिश्तेदार के साथ उसके घर आया था। वह करीब 15 दिन तक उसके घर में ठहरा। इस दौरान उसने चुपके से नहाते समय उसका वीडियो बना लिया।
महिला ने आरोप लगाया कि तब से आरोपी संजय कुमार लगातार उसे परेशान कर रहा है। वह सोशल मीडिया पर वीडियो डालने की धमकी देता है। आरोपी ने उससे 35 हजार रुपये भी ऐंठ लिए हैं। वह धमकी देता है कि अगर वह पति और बच्चों को छोड़कर उसके पास नहीं आएगी तो वह वीडियो वायरल कर देगा। पिछले 15 दिनों से आरोपी पुरानी वीडियो को एडिट करके नई वीडियो सोशल मीडिया पर डाल रहा है।
आरोप है कि वह उसके रिश्तेदारों को भी वीडियो भेज रहा है। पहले तो वह लोकलाज में चुप रही, लेकिन अब हिम्मत करके पुलिस में शिकायत पत्र देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सहायल थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही। आरोपी ट्रक चालक बताया गया है। उसे जल्द ही पकड़ा जाएगा।