कानपुर दिल्ली हाईवे पर भीखेपुर गांव के पास फार्चूनर कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे कार सामने खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में कार में सवार पांच लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को सैफई रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रक व कार को कब्जे में लिया। हादसा उस समय हुआ जब कार डिवाइडर पार कर रही थी। कार सवार रिश्तेदारी से लौट रहे थे।
जानकारी के मुताबिक आगरा से इलाहाबाद जा रही फार्चूनर कार अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के भीखेपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। कार में सवार अवधेश तिवारी (28) ने बताया कि भीखेपुर के निकट वह डिवाइडर पार कर रहे थे। पीछे से आ रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार तेजी के साथ सामने खड़े मौरंग लदे दूसरे ट्रक में घुस गई।
कार में सवार सभी लोग घायल हुए हैं। वह आगरा रिश्तेदारी से लौट रहे थे। अवधेश तिवारी ने बताया कि वह इलाहाबाद अल्लापुर के रहने वाले हैं। उनके साथ उनका भाई स्नेहल तिवारी व पुत्र अभिनव था। कार प्रवीन केसरी पुत्र नंदगोपाल निवासी इलाहाबाद चला रहे थे। उन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं। इधर सीएचसी अजीतमल से सभी घायलों को सैफई रेफर कर दिया गया है।