फोटो-25 एयूआरपी 31 जमीन समतल से सड़क किनारे भरा पानी। संवाद
सहार। पीडब्ल्यूडी का अतिक्रमण हटाने व मिट्टी समतलीकरण का अभियान लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। समतलीकरण में हटाई गई मिट्टी से गड्ढे हो गए। इससे वहां पर जलभराव हो गया है। ऐसे में लोगों को निकलने में परेशानी हो रही है।
लोगों ने बताया कि बिधूना तिराहे पर सड़क किनारे की मिट्टी हटाने का काम गहराई में कर दिया गया है। इससे वहां हुए गड्ढों में पानी भर जाने से कीचड़ और गंदगी फैल गई है। दुकानदारों और आसपास के लोगों का कहना है कि विभाग ने गड्ढों को भरने या समतल करने का कोई इंतजाम नहीं किया।
इस बीच जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइप लाइनें भी खोदाई के दौरान क्षतिग्रस्त हो गईं। इससे इन पाइपों से लगातार पानी रिसता है और गड्ढों में भर रहा है। इससे जलभराव की स्थिति और गंभीर हो गई है।
व्यापारियों ने पीडब्ल्यूडी से गड्ढों को जल्द भरने व टूटी पाइप लाइनों को दुरुस्त कराने की मांग की है। पीडब्ल्यूडी के एई दिनेश कुमार ने बताया कि सड़क पर पानी न भरे, इसके लिए मिट्टी खोदी गई है। बीडीओ सहार से बात की गई है। जल्द ही जल निकासी के लिए सड़क किनारे नाले का निर्माण कराया जाएगा।