गांव के बाहर रखा फुंका ट्रांसफार्मर। संवाद
सहार। क्षेत्र के मझपुर्वा बदरियापुर गांव में 63 केवी का ट्रांसफार्मर पिछले तीन दिनों से खराब पड़ा है। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव के करीब 30 घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। इससे लगभग 300 ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिजली न आने से बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक प्रभावित हैं।
ग्रामीणों के अनुसार उमस और गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति बाधित होने से सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों और बुजुर्गों को हो रही है। रात में अंधेरा रहने के कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली से संचालित घरेलू उपकरण बंद होने से लोगों के रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
बच्चों की पढ़ाई पर भी बिजली कटौती का असर पड़ रहा है। जेई पूर्वा सुजान विकास सिंह ने बताया कि लाइनमैन वीर कुमार ने 63 केवी ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी दी है। ट्रांसफार्मर बदलने के लिए मांग डाल दी गई है। विभाग की ओर से जल्द ही नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर उसे स्थापित कराया जाएगा इसके बाद गांव की बिजली आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।