दिबियापुर (औरैया)। कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार धीमी कर दी है। कुछ ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से स्टेशन पहुंचीं। यात्रियों को कड़ाके की ठंड में परेशान होना पड़ा। दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनें कई घंटों की देरी से फफूंद रेलवे स्टेशन पहुंचीं।
लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस सुबह 8 बजकर 49 मिनट के निर्धारित समय की बजाय एक घंटा देरी से 9 बजकर 48 मिनट पर फफूंद पहुंची। दोपहर 2.40 बजे पहुंचने वाली हावड़ा कालका नेताजी एक्सप्रेस 3 घंटे 50 मिनट देरी से शाम 6.30 बजे फफूंद पहुंची।
दोपहर 2.24 बजे आने वाली अप महानंदा एक्सप्रेस शाम लगभग 7.30 बजे तक फफूंद रेलवे स्टेशन पर आने की सूचना प्रसारित होती रही। दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों के विलंब से आने के कारण यात्री परेशान रहे। स्टेशन अधीक्षक वेदप्रकाश ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनें लेट हैं।