फफूंद। अछल्दा मार्ग पर रविवार देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक ऑटो में सामने से टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, महिला, उसकी बेटी समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी दिबियापुर से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित भाग गया।
थाना क्षेत्र के गांव काजीपुर निवासी ब्रजेश कुमार दिल्ली में निजी कंपनी में नौकरी करता था। उनकी पत्नी शारदा देवी और बेटी ओजल कुछ दिन पहले मायके गई थीं। रविवार रात दोनों को दिल्ली लौटना था। इसके लिए शारदा देवी अपनी बेटी, भाई अनिल कुमार, चचेरे भाई छोटे लाल और अन्य परिजनों के साथ गांव के कल्लू के ऑटो से फफूंद बस स्टैंड जा रही थीं।
रात करीब 10 बजे फफूंद-अछल्दा मार्ग पर हसनपुर गांव के पास सामने से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया। हादसे में 45 वर्षीय छोटे लाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शारदा देवी, उनकी बेटी ओजल, अनिल कुमार, ऑटो चालक कल्लू तथा उसमें बैठी अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को सीएचसी दिबियापुर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छोटे लाल अपने पीछे चार पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फरार ट्रैक्टर चालक और वाहन की तलाश की जा रही है।
हालत बिगड़ने से किसान की मौत
एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के ऐरवा कुइली गांव में रविवार सुबह 53 वर्षीय किसान उमाशंकर सविता की गर्मी के बीच अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक गंगादास गौतम ने बताया कि परिजन ने पोस्टमार्टम के लिए मना कर दिया था। (संवाद)