औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के समरथपुर में शुक्रवार दोपहर लगभग तीन बजे घर से चंद कदम दूर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने युवक को कुचल दिया। परिजन इलाज के लिए सैफई ले जा रहे थे तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर घर पहुंचे और आक्रोश जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया पर चालक फरार हो गया।
समरथपुर निवासी राजीव कुमार (32) पुत्र स्व. अर्जुन यादव शुक्रवार दोपहर हाईवे से अपने घर जा रहा था। घर से कुछ दूरी पर आनेपुर की तरफ से मिट्टी लादकर आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिरा तो ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। जिससे वह बुरी तरह से लहूलुहान हो गया।
घटना होते देख लोग दौड़े और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने घटना स्थल पर पहुंचकर लहूलुहान राजीव को 50 शैया युक्त जिला अस्पताल ले गए, वहां से डॉक्टरों ने उसे मरणासन्न हालत में सैफई रेफर कर दिया। परिजन राजीव को सैफई लेकर पहुंचते, उससे पहले रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
परिजन शव को घर लेकर आए और घटना से आक्रोशित होकर हंगामा करना शुरू कर दिया। जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर शांत कराया। मृतक के छोटे भाई संजीव कुमार ने बताया कि भाई राजीव के तीन बच्चे सत्यम (13), पायल (12) व लाडो (9) हैं। वह चौपहिया वाहन चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया पर चालक फरार हो गया। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।