थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेला-बिधूना मार्ग पर ऊसराहार मोड़ के पास गुरुवार की रात तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर चालक व एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर ट्रैक्टर चालक को कानपुर रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई।
थाना बिधूना के वसई गांव निवासी कु़ंभकरण पुत्र छोटेलाल व महिपाल शाक्य पुत्र रामनाथ सिंह गुरुवार की रात कैथावा मोड़ के निकट स्थित कोल्ड स्टोरेज में आलू डाल कर लौट रहे थे। के.के. डिग्री कालेज के पास पीछे से अनियंत्रित पिकअप ने ट्राली में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रैक्टर ट्राली सहित खाई में गिर गया। इससे महिपाल और कुंभकरण ट्रैक्टर में नीचे दब गए। टक्कर की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
इन्होंने खासी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। इसके बाद सीएचसी पहुंचाया। महिपाल शाक्य को चिंताजनक हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। रास्ते में इनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में बेला थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने बताया कि घायल कुंभकरन की तहरीर पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।