ईंट भट्ठा एसोसिएशन द्वारा रेलवे के खाते में श्रमिक स्पेशल ट्रेन का रुपया जमा कराने एवं श्रमिकों की सूची सौंपने के बाद ट्रेन रुकने की तिथि तय हो गई है।
अब जिले से पहली श्रमिक स्पेशल ट्रेन 14 जून की शाम को फफूंद रेलवे स्टेशन से चलेगी। फफूंद रेलवे स्टेशन पर पहुंचे एडीएम ने स्टेशन अधीक्षक के साथ रणनीति तय की।
जिले से पहली श्रमिक स्पेशल ट्रेन फफूंद रेलवे स्टेशन से बिहार के लिए प्रस्तावित है। इससे जिले के ईंट भट्ठों में काम करने वाले मजदूरों को बिहार भेजा जाना है। पूर्व में 12 जून को ट्रेन प्रस्तावित थी।
परंतु श्रमिकों की सूची में फेरबदल होने के कारण ईंट भट्ठा एसोसिएशन ने गुरुवार शाम को 1680 मजदूरों की सूची एडीएम एमपी सिंह को सौंपी थी। एसोसिएशन ने रेलवे के खाते में ड्राफ्ट के माध्यम से सात लाख रुपये जमा करा दिए हैं।
एडीएम एमपी सिंह की ओर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रयागराज को फफूंद से बिहार (गया एवं नवादा) के लिए श्रमिक स्पेशल ट्रेन 14 जून को शाम पांच बजे चलाए जाने के लिए पत्र लिखा गया।
इसके बाद रेलवे के अधिकारियों ने 14 जून की शाम पांच बजे फफूंद से ट्रेन चलाने के लिए हरी झंडी दे दी है।
इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि उन्होंने रेलवे के उच्चाधिकारियों को सूची मिलने एवं रुपये जमा होने की जानकारी दे दी है। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने 14 जून की शाम पांच बजे श्रमिक स्पेशल ट्रेन फफूंद से रवाना किए जाने की हरी झंडी दे दी है।
इधर, ईंट भट्ठा एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र सिंह कुशवाह, अनिल गुप्ता आदि से वार्ता हुई। स्टेशन अधीक्षक ने ताकीद किया कि ट्रेन में 1750 से अधिक यात्री यात्रा नहीं करेंगे।