फोटो-11- खेत में खड़ी बैंगन की फसल। संवाद
बिधूना। सुबह-शाम काले बादल छाने के बावजूद बारिश न होने से क्षेत्र में उमस भरी गर्मी परेशानी का कारण बनी हुई है। किसान बता रहे हैं कि तेज धूप और नमी से सब्जी की फसल प्रभावित हो रही हैं। टमाटर सड़ने लगा है।
किसानों ने बताया कि तेज धूप और खेतों में नमी रहने से बैंगन सहित अन्य सब्जियों की फसलों में फूल झड़ रहे हैं और कीटों का प्रकोप बढ़ गया है। टमाटर सड़ने लगा है। किसान महंगे दामों पर दवाइयों का छिड़काव कर फसलों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन मौसम की बेरुखी उनकी मेहनत पर पानी फेर रही है।
किसानों का कहना है कि अब धान की रोपाई के लिए बारिश के लिए आसमान की ओर टकटकी लगाए हैं। सुबह और शाम काले बादल तो दिखाई देते हैं लेकिन बिना बरसे ही लौट जाते हैं। हालांकि, मौसम विभाग की ओर से लगातार बारिश की संभावना जताई जा रही है लेकिन क्षेत्र में अब तक इसका असर दिखाई नहीं दिया है। जल्द बारिश नहीं हुई तो सब्जियों के साथ-साथ धान की खेती भी प्रभावित होने की आशंका है।
रामपुर निवासी किसान मोनू शाक्य ने बताया कि टमाटर की फसल में तेजी से सड़न फैल रही है। कुछ दिन पहले हुई हल्की बारिश और सिंचाई के कारण खेतों में नमी बनी हुई है जबकि ऊपर से लगातार तेज धूप और उमस पड़ रही है। ऐसे मौसम में टमाटर खराब हो रहे हैं और अन्य सब्जियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
किसान मनोज कुमार ने बताया कि बैंगन समेत कई सब्जियों की फसलों में फूल झड़ रहे हैं। गर्मी और उमस के कारण कीटों का प्रकोप भी बढ़ गया है। किसान लगातार दवा का छिड़काव कर रहे हैं लेकिन मौसम अनुकूल न होने से राहत नहीं मिल रही।