औरैया। आए दिन होने वाली अघोषित बिजली कटौती और ट्रिपिंग की समस्या से परेशान उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है।
विद्युत निगम ने बिजनेस प्लान के तहत तीन वर्कशॉप और दो डिस्ट्रीब्यूशन केंद्रों पर क्षमता वृद्धि का काम किया है। योजना के अंतर्गत जिले में 79 नए ट्रांसफार्मर बढ़ाए गए हैं। निगम का दावा है कि इस क्षमता वृद्धि के बाद ओवरलोडिंग की समस्या खत्म होगी, इससे बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से जनता को निजात मिल जाएगी।
इस क्षमता वृद्धि से जिले के 246681 उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। विद्युत अधिकारियों के अनुसार क्षमता वृद्धि हो जाने से सिस्टम पर लोड सहने की ताकत काफी बढ़ जाएगी। जिले में अभी तक कुल लोड 350 एमवीए था। इससे पहले भी विभाग द्वारा 27 एमवीए लोड बढ़ाया जा चुका है। नए ट्रांसफार्मर लगने के बाद अब उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा।
बिजली व्यवस्था का लेखा-जोखा
कुल संचालित उपकेंद्र : 33
कुल उपभोक्ता : 2,46,681
वर्तमान क्षमता : 350 एमवीए
घरेलू कनेक्शन : 2,36,121
व्यावसायिक कनेक्शन: 10,560
जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति करने और ट्रिपिंग की समस्या को खत्म करने के लिए बिजनेस प्लान तैयार किया गया है। इसके तहत कुल 79 नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं इससे लोड क्षमता में बड़ा सुधार होगा और उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली मिलेगी। - सुनील कुमार, अधीक्षण अभियंता विद्युत
फोटो -2- विद्युत उपकेंद्र का नजारा। संवाद