फोटो-14- संगठन की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी।संवाद
दिबियापुर। पुरानी पेंशन बहाली व वरिष्ठ शिक्षकों के लिए टीईटी अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर अटेवा संगठन ने रविवार को बैठक कर आंदोलन की रणनीति तय की। जिलाध्यक्ष अमन यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन की मांग को लेकर अगस्त में जिले में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
अटेवा (ऑल टीचर्स एंड एम्प्लाई वेलफेयर एसोसिएशन) व एनएमओपीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के नेतृत्व में देशभर में जन जागरण यात्रा निकाली जा रही है। टीईटी अनिवार्यता के विरोध में ब्लॉक स्तर पर जागरुकता संगोष्ठियों का आयोजन शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि अगस्त में जिले में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 25 सितंबर को लखनऊ में होने वाली महारैली के लिए जिले से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी गई।
जिलाध्यक्ष ने जिले में सदस्यता अभियान तेज करने और हर ब्लॉक में संगोष्ठी आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में महेश्वरी प्रसाद सिंह, रजनीश कुमार सिंह, देवेंद्र राजपूत, नीटू कटियार, अमित पाल, अमर सिंह राठौर व नीरज राजपूत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।