औरैया। जिले में बुधवार को होली के दिन हुए सड़क हादसों में मजदूर समेत तीन की मौत हो गई जबकि 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे अजीतमल कोतवाली, अछल्दा, दिबियापुर व बेला थानाक्षेत्र में हुए। पुलिस ने टक्कर मारने वाले वाहनों की तलाश कर रही है।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के शेखूपुर-सुर्खीपुर मार्ग पर बाइकों की भिड़ंत में शेखूपुर निवासी मजदूर विनोद कुमार मिश्रा (55) की मौत हो गई। विनोद खोया बनाने का काम करते थे और बुधवार को सुर्खीपुर से आटा पिसवाकर घर लौट रहे थे। इसी दाैरान सामने से आ रहे बाइक सवार अरविंद (18) से उनकी टक्कर हो गई। दोनों को सीएचसी से रेफर किया गया जहां से उन्हें सैफई के लिए रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान विनोद की माैत हो गई।
वहीं अजीतमल कोतवाली के गांव पृथ्वीपुर निवासी सर्वेंद्र (55) बुधवार शाम किसी काम से अजीतमल गए थे। बाइक से वापस जाते समय बाबरपुर-फफूंद मार्ग पर वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी तरह अछल्दा थानाक्षेत्र में भाई की ससुराल होली खेलने जा रहे एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर खेतों में जा घुसी। बिधूना के लुधपुरा निवासी कुंदन (24) बुधवार रात बाइक से पसैया जा रहा था तभी हादसा हो गया। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने घायल को अपनी गाड़ी से सीएचसी पहुंचाया जहां से उसे रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही कुंदन की मौत हो गई। भाभी पिंकी ने बताया कि वह त्योहार की खुशियां मनाने घर आ रहा था।
वहीं कोतवाली क्षेत्र में होली के दिन अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में 13 लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी ले जाया गया जहां से चार को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। घायलों में अजीतमल निवासी आदित्य (18), अमावता गांव निवासी मुन्ना सिंह (65), खुदरामपुर निवासी अनूप (36), उनकी बेटी प्रिंसी (20), गढ़ा गांव निवासी विवेक (30), मुनेंद्र लाल (42), किन्नरपुर गांव निवासी मंजू (30), भूरेपुर कला निवासी पंचम (38), बिलावा गांव निवासी उमेश कुमार (26), इटावा के गांव दिनारपुर निवासी मुन्नी देवी (50), दुर्वासपुर गांव निवासी महिपाल सिंह (50), कस्बा के मोहल्लागांधी नगर निवासी अंश सेंगर (17) व शिवांश गुप्ता (17) शामिल हैं। डॉक्टर ने गंभीर हालत में अनूप तिवारी, प्रिंसी, उमेश कुमार, मुन्नी देवी को रेफर कर दिया गया। कोतवाली पुलिस के अनुसार तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ई-रिक्शा पलटा, कार की टक्कर से राहगीर घायल
दिबियापुर थानाक्षेत्र के औरैया रोड स्थित सेहुद मंदिर के पास तेज रफ्तार कार से बचने के चक्कर में ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में चालक जीतू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि सवारियां गईं। इसी प्रकार बेला थानाक्षेत्र में बिधूना के हरदू फायर ब्रिगेड के पास अनियंत्रित कार ने बाइक सवार ऋषि कुमार को टक्कर मार दी। ऋषि कसारी से अपने गांव ढिपारा लौट रहा था। पुलिस ने दुर्घटना करने वाली कार को कब्जे में ले लिया है।
फोटो-16-सड़क पर पलटा पड़ा ई-रिक्शा। संवाद