औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से पुलिस की नींद उड़ी है। पुलिस ने मंगलवार रात तीन शातिर चोरों को पकड़ा है। जिनके पास से कुछ सामान बरामद होने की चर्चा है। पुलिस गिरोह के सरगना की गिरफ्तारी कर खुलासे की बात कह रही है।
कोतवाली क्षेत्र में एक जनवरी को अपने मामा के यहां फिरोजाबाद गई मोहल्ला नरायनपुर निवासी नीतू के घर से चोरों ने ताला खोलकर लगभग छह लाख रुपये कीमत के आभूषण पार कर दिए थे। वहीं, नगला चैन सुख रामनरेश के घर से चोरों ने आठ फरवरी को चोरी की घटना को अंजाम देते हुए आभूषण व नगदी समेत लगभग पांच लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे।
इसके अलावा सोमवार को गांव कखावतू स्थित कांशीराम कालोनी के बाहर स्थित एक ब्यूटी पार्लर की दुकान से चोरों ने लगभग ढाई लाख की चोरी की। चोरी की ताबड़तोड़ घटनाओं से कोतवाली पुलिस की नींद उड़ी हुई है। घटनाओं के खुलासे को लेकर लगी पुलिस टीम को मंगलवार रात सफलता हाथ लगी है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने तीन लोगों को पकड़ा है। यही नहीं पकड़े गए लोगों से पुलिस ने चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है। इधर पुलिस को चोर गैंग के सरगना की अभी सरगर्मी से तलाश है। जिसको लेकर पुलिस टीमें लगातार दविश दे रहीं हैं।
सूत्रों के मुताबिक एक ऑटो भी पुलिस ने पकड़ा है। अनुमान है कि दिन में ऑटो चलाने के बाद रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर सामान ऑटो से ही पार किया जाता है। ऐसे में जल्द ही शहर में हो रहीं चोरी की घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है। हालांकि पुलिस के आला अधिकारी ऐसी किसी भी जानकारी से इंकार कर रहे हैं।