बिधूना (औरैया)। शनिवार रात रोडवेज बस स्टैंड के पीछे खंडहर भवन में छिपे बदमाशों से कोतवाली पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर 25 हजार रुपये के इनामी समेत तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से असलहे भी बरामद किए हैं।
दरोगा राजेश कुमार चौहान ने बताया कि शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम के साथ तहसील भवन व रोडवेज बस स्टैंड के पीछे नहर विभाग की खंडहर इमारत में दबिश दी। वहां चोरी की योजना बना रहे बदमाश पुलिस को देख भागने लगे। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। बदमाशों को पकड़ लिया गया।
इनमें 25 हजार का इनामी बदमाश अमर सिंह, मंगल सिंह, रोशन सभी निवासी धनुपुरा कादरचौक जिला बदायूं शामिल हैं। बदमाशों के पास से दो तमंचे, दो कारतूस, एक चाकू, चोरी में प्रयुक्त सामान लोहे की रॉड, छेनी, हथौड़ी व तीन हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के नगर के शीतलापुरम निवासी राहुल बाजपेई के घर में चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कही है।
ये मामले दर्ज हैं
अमर सिंह के खिलाफ बदायूं व औरैया में छह, मंगल सिंह पर औरैया व इटावा में छह व रोशन पर औरैया व इटावा में आठ मुकदमे हत्या के प्रयास, लूट व चोरी जैसी संगीन धाराओं के दर्ज हैं।