इलाहाबाद बोर्ड परीक्षा में सचल दलों ने निरीक्षण के दौरान तीन कालेजों में भारी मात्रा में नकल सामग्री पकड़ी थी। छात्र नकल करते मिले थे। इससे सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इन तीनों कालेजों की परीक्षाओं को निरस्त कर दिया था।
इन तीनों कालेजों में परीक्षा देने वाले गणित व अंग्रेजी विषय के परीक्षार्थियों की परीक्षा 21 अप्रैल को होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बाल विकास संस्थान इंटर कालेज बाबरपुर, एसजीएस इंटर कालेज बिधूना और श्रीगांधी इंटर कालेज परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी कर सचल दलों ने भारी मात्रा में नकल सामग्री पाई थी। छात्रों को नकल करते हुए भी पकड़ा था।
इसकी रिपोर्ट सचल दलों के प्रभारी ने सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश को भेजी थी। इससे इन केंद्रों पर होने वाली अंग्रेजी और गणित विषय की परीक्षाओं को सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद ने निरस्त करते हुए दोबारा कराने के निर्देश दिए हैं।
इन तीन केंद्रों पर परीक्षा में बैठने वाले छात्र-छात्राएं 21 अप्रैल को परीक्षा देंगे। इन छात्रों की गणित व अंग्रेजी विषय की परीक्षा चौधरी विशंभर सिंह भारतीय विद्यालय में सुबह साढ़े सात बजे से पौने 11 बजे तक होगी। तीनों विद्यालयों के केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया है कि वह अपने विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को समय से भारतीय विद्यालय परीक्षा केंद्र पर लाएं।