अयाना(औरैया)। जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अयाना थाने के अमावता निवासी हर्ष सेंगर ने उमेश कुमार और प्रमोद समेत नौ लोगों के खिलाफ फर्जीवाडे़ का मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें बताया कि 13 अगस्त 2020 को उमेश कुमार और प्रमोद से गूंजा तातरपुर में पांच बीघा जमीन का बैनामा कराया था। जमीन के रुपयों का भुगतान भी कर दिया। बाद में पता चला कि जिस जमीन का बैनामा किया गया है वह किसी और की है।
गुरुवार को थाने के दारोगा शूरवीर ने पुलि बल के साथ जुहीखा भीखेपुर मार्ग पर प्रमोद और उमेश को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ के आधार पर तिलावरपुर में दबिश देकर महेंद्र कुमार को भी दबोच लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों आरोपियों को जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करने के मामले में जेल भेजा गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।