औरैया। अवैध असलहा और कारतूसों के कारोबार में कमलकांत वर्मा का नाम सामने आने के बाद उनके करीबी भी सहमे हुए हैं। उन्होंने कमलकांत के परिवार से दूरी बना ली है।
एनआईए की जांच के बाद लोगों को आशंका है कि कहीं उनसे भी कोई पूछताछ शुरू न हो जाए। वहीं दूसरी तरफ कमलकांत का परिवार भी घर से नहीं निकल रहा है।
बीते कुछ सालों में कमलकांत वर्मा ने दौलत और शोहरत दोनों ही कमाई। इसी चमक-दमक में उससे शहर के लोग भी जुड़ते चले गए। पुराने दोस्तों से भी काफी नजदीकियां बढ़ गईं।
राजकुमार सक्सेना भी कमलकांत के उन्हीं पुराने दोस्तों में से एक हैं, जिनके यहां एनआईए ने जांच की थी। ऐसे में अब अन्य करीबियों को भी डर सताने लगा है। यही कारण है कि अब लोगों ने कमलकांत के परिवार से दूरी बना ली है।
एनआईए के जाने के बाद भी लोग उसके आवास और प्रतिष्ठानों पर जाने से बच रहे हैं। उन्हें आशंका है कि कहीं एनआईए की जांच में उनका नाम भी न आ जाए।
दूसरी तरफ कमलकांत के साथ ही उनके भाई अजयकांत और रविकांत के मोबाइल भी टीम ले गई है। सूत्रों के अनुसार टीम मोबाइल की चैट हिस्ट्री और कॉल हिस्ट्री से उन लोगों तक पहुंचेगी जिनसे परिवार की नियमित बातचीत होती थी। कुछ संदिग्ध मिलने पर उनसे भी पूछताछ की जा सकती है।
उधर, कार्रवाई के बाद कमलकांत के परिवार का कोई भी सदस्य बाहर नजर नहीं आया। उन्होंने घर से निकलना ही बंद कर दिया है। केवल मझले भाई अजयकांत वर्मा का बेटा ही नैना ज्वैलर्स पर नजर आ रहा है।