फोटो-11-घटनास्थल पर चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामाने । संवाद
सहार। पुरवा तरा गांव में एक मकान से मंगलवार रात चोरों ने नकदी और जेवर पार कर दिए। बुधवार को जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच की। साथ ही परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों से पूछताछ की।
पुलिस वारदात को संदिग्ध मानते हुए जांच कर रही है। थाना क्षेत्र के गांव पुरवा तरा निवासी राजपाल मंगलवार रात खाना खाने के बाद पत्नी के साथ गांव स्थित दूसरे मकान में सोने चले गए थे। उनका एक बेटा और बहू पुराने घर में सोए थे। दूसरा बेटा सोनू अछल्दा के गांव गुनौली अपनी बुआ के घर गया था।
बुधवार सुबह परिजन ने पुलिस को घर में चोरी होने की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पूछताछ के दौरान राजपाल ने बताया कि पुराने मकान की छत से चोर कमरे में घुस गए। कमरे में रखी अलमारी से लाखों रुपये कीमत के जेवर और 21 हजार रुपये नकद पार कर ले गए।
पुलिस के अनुसार राजपाल का तीसरा बेटा छोटू छेड़छाड़ के आरोप में जेल में है। पुलिस जांच के दौरान परिवार वाले युवती के परिवार की तरफ इशारा कर रहे थे। पुलिस वारदात को संदिग्ध मान रही है। पुलिस जांच में घर का कोई भी ताला टूटा नहीं मिला। सीओ बिधूना सीओ गंगवार ने बताया कि घटना संदिग्ध है। फिर भी तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।