अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के चकसत्तापुर गांव में गुरुवार देर रात को चोरों ने दो किसानों के घरों में धावा बोला। इस दौरान चोर एक किसान के घर से नकदी व लाखों रुपये के जेवरात ले गए। जबकि दूसरे किसान की बाइक चोरी करने पार कर ले गए, लेकिन बाइक में पेट्रोल खत्म हो जाने की वजह से उसे गांव से दो सौ मीटर दूर छोड़कर भाग गए। शुक्रवार सुबह दोनों किसानों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चकसत्तापुर गांव निवासी किसान कुंदन सिंह ने बताया कि गुरुवार रात को वह खाना खाकर पत्नी सावित्री देवी के साथ अंदर वाले कमरे में सो रहे थे। बेटा आशीष बाहर वाले कमरे में सो रहा था। देर रात को चोर घर के पीछे वाले रास्ते से आंगन में घुस आए। अंदर व बाहर वाले कमरों के गेट पर बाहर से कुंडी लगा दी।
इसके बाद तीसरे कमरे में रखे बक्से के ताले तोड़ दिए और उसमें रखे पांच हजार रुपये और दो लाख से ज्यादा के जेवरात चोरी कर ले गए। शुक्रवार सुबह आशीष की नींद खुली तो कमरे को बाहर से बंद देख उसने आवाज लगाई। किसी तरह वह दरवाजा खुलवाकर कमरे से बाहर निकला और माता-पिता के कमरों के गेट की कुंडी खोली। तीसरे वाले कमरे में सामान बिखरा और जेवर-नकदी गायब देख चोरी की सूचना पुलिस के दी।
उधर चोरी की दूसरी घटना गांव के ही नारायण दास के यहां हुई। नारायण दास ने बताया कि घर के दरवाजे पर उनकी बाइक खड़ी थी, जिसे चोर पार कर ले गए थे। शुक्रवार भोर करीब साढ़े तीन बजे वह उठा तो बाइक गायब देख ग्रामीणों के साथ खोजबीन शुरू की।
बाइक गांव से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर पड़ी मिली और उसमें पेट्रोल खत्म था। पेट्रोल खत्म होने के बाद चोर बाइक को वहीं पर छोड़कर भाग गए। किसान ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों किसानों व आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।