औरैया/अयाना। कानपुर देहात व औरैया के शातिरों का गिरोह लोगों को जमीन में गड़े मटके में नकली गिन्नी (सोने का सिक्का) दिखाकर झांसे में लेते थे। इसके बाद सन्यासी बने चढ़ावा चढ़ाने के नाम पर लाखों रुपये ठग लेते थे।
इस गैंग के पांच सदस्य मंगलवार रात को अयाना थाना से करीब 200 मीटर दूरी पर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। गैंग का सरगना मौके से भाग निकला। पुलिस ने पूछताछ के बाद बुधवार को सेंगनपुर में पूर्व प्रधान के साथ हुई ठगी का खुलासा किया है।
अयाना थाना प्रभारी विनोद राजपूत, स्वाट प्रभारी राजीव कुमार ने टीम के साथ मंगलवार रात को अयाना-मुरादगंज मार्ग पर दिबियापुर थाना के गुलरिया निवासी सुनील कुमार को पकड़ा।
इसके अलावा फफूंद थाना के लालपुर निवासी सुदामा नाथ उर्फ बाबा, अजीतमल कोतवाली के पुर्वा महासुख निवासी शिवपाल सिंह, जगतपुर निवासी हिमांशु दोहरे व कानपुर देहात की अकबरपुर कोतवाली के बारा निवासी राजेश उर्फ मामा को गिरफ्तार कर लिया।
जबकि गैंग का सरगना कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र के कमलपुर निवासी हरनाम सिंह मौके से भाग निकला। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी में प्रयोग की गई कार, दो बाइकें, चार फर्जी आधार कार्ड, चार मोबाइल, एक पासबुक, दो चेकबुक, दो पैन कार्ड, 3.87 लाख रुपये, 4.25 लाख रुपये के जेवर सहित अन्य सामान बरामद किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हरनाम सिंह लोगों को झांसे में लेते थे। इसके बाद नियोजित तरीके से खंडहर में पहले गाड़े गए नकली जेवर भरे मटकेदिखाते थे। विश्वास में लेने के बाद बाबा उर्फ सुदामा चढ़ावे के नाम पर दो से तीन बार में कई लाख रुपये चढ़ावा लेता था। इसके बाद वहां से भाग निकलते थे। उन लोगों ने सेंगनपुर के पूर्व प्रधान इमरान खान से 29 फरवरी को 24.50 लाख रुपये की ठगी की थी।
इमरान खान के पास लाल कपड़े में बंद दो कलश हैं। जोकि मिट्टी से भरे निकले थे। वहीं, पुलिस को गिरोह के सदस्यों के खिलाफ सेंगनपुर में पूर्व प्रधाना द्वारा दर्ज कराए गए मामले के अलावा किसी का भी कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला।
भगवा रंग की पट्टी पर सदस्य लिखकर घूमते थे शातिर
मंगलवार रात को घेराबंदी के दौरान शातिरों ने भागने के भरपूर प्रयास किए। भागने के दौरान शातिरों की कार बाला जी मंदिर के बाहर रखी ईंटों से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। पकड़ी गई कार के आगे शीशे पर हरे व भगवा रंग की पट्टी पर सदस्य लिखा हुआ है।
थाना प्रभारी विनोद राजपूत ने बताया कि कार हरनाम के नाम पर दर्ज है। प्रारंभिक जांच में शातिरों द्वारा सत्तारूढ़ पार्टी के झंडे का दुरुपयोग करना पाया गया है। मुख्य आरोपी के सत्तारूढ़ पार्टी से संबंध हैं या नहीं यह उसकी गिरफ्तारी के बाद पता चल सकेंगे।