औरैया। क्षेत्र के गांव रामपुर प्रताप सिंह स्थित एक लाही के खेत में सिर का कंकाल मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने गांव से लापता हुए बालक के सिर का कंकाल होने की आशंका जताते हुए नाराजगी जताई। इधर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की।
गांव रामपुर प्रताप सिंह निवासी पाल सिंह का आठ वर्षीय पुत्र धनंजय 13 मार्च की शाम से लापता है। ग्रामीणों और लापता बालक के परिजनों ने गांव में भिछा मांगने आई साधुओं की टोली पर अपहरण करने की आशंका जताई थी। लगातार परिजन व पुलिस बालक की तलाश में जुटे हैं।
सोमवार की शाम लगभग चार बजे गांव निवासी धीरज पुत्र रामसिंह के गांव के बाहर स्थित लाही के खेत में एक सिर का कंकाल मिला। साथ ही कुछ ही दूरी पर बाल मिले। जिसे देख लाही काट रहे मुनेश पुत्र सुरेश ने इसकी जानकारी धीरज और गांव के लोगों को दी। गांव के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हुई।
कंकाल देख ग्रामीणों ने लापता बालका सिर होने की आशंका जताते हुए थाना पुलिस को सूचना दी। इधर देरशाम कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिववीर दुबे मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि कंकाल पर खून के निशान दिखाई दे रहे है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।