औरैया के अछल्दा मेले मैदान में जनसभा को संबोधित करते गृहमंत्री अमित शाह। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। अछल्दा के मेला मैदान पर चुनावी सभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सपा, बसपा की सरकारों में प्रदेश में गुंडागर्दी चरम पर होने से अर्थव्यवस्था चौपट हो गई थी। पांच वर्ष पहले प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश में सातवें नंबर पर थी। योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद दूसरे नंबर पर आ गई है। अब योगी की सरकार बनने पर अगले पांच वर्ष में पहले नंबर पर ले जाने का काम करना है।
दोपहर एक बजकर पांच मिनट पर सभास्थल पहुंचे अमित शाह ने कहा कि मोदी वैक्सीन लेकर आए तो अखिलेश बाबू कहते थे, मोदी वैक्सीन है, मत लगवाना। बाद में डरकर खुद लगवा ली। मोदी ने 130 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने का काम किया है।
मोदी की ही देन है तीसरी लहर में लोग सुरक्षित हैं। सपा और बसपा की 15 वर्ष की सरकारों में गरीबों की जमीन पर कब्जे किए गए। जो लोग गोले दागते थे वह अब भोले बन गए हैं। शाह ने कहा कि देश में 70 साल सरकार चलाने वाली कांग्रेस ने भी कुछ नहीं किया। हमने आतंकियों को जवाब दिया और धारा 370 हटाई। उन्होंने कहा कि जो पीला चश्मा लगाए होते हैं उन्हें सब पीला ही दिखता है।