औरैया। कानपुर से लखनऊ के बीच एलिवेटेड मार्ग पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। इसका असर जिले में देखने को मिला। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था बुधवार की तड़के से ही बाधित रही।
जाम में फंसे लोगों को चार घंटे तक परेशान होना पड़ा। दिन के समय एक-एक घंटे तक वाहनों को रोका गया। सुबह लगातार चार घंटे के बाद पूरे दिन बार-बार लगने वाले जाम से राहगीरों को जूझना पड़ा। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में वाहनों में सवार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम तक यही स्थिति बनी रही।
पुलिस महकमे के आलाधिकारियों का फरमान जारी होते ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर मिहौली के समीप पुलिस ने बैरिकेडिंग की। इटावा से औरैया की ओर आने वाले वाहनों को वहीं पर रोका गया। साथ ही ट्रैफिक सिपाहियों ने सभी वाहनों को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट कर दिया, जबकि वाहन एक्सप्रेसवे पर न जाकर सड़क पर ही खड़े हो गए। कुछ ही देर में वाहनों की लंबी कतार लग गई। लगभग पांच किलोमीटर तक जाम लग गया।
जाम में फंसे वाहन सवारों ने किसी तरह बैरिकेडिंग के पास पहुंचकर यातायात प्रभावित होने का कारण जानना चाहा, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इससे उनमें पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष देखने को मिला।
सुबह 10 बजे मौके पर पहुंचे यातायात प्रभारी देवेंद्र कुमार ने हल्के वाहनों व छोटे वाहनों को उसी रूट पर भेजना शुरू किया। भारी वाहनों को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ा गया। वाहन सवार लंबा रूट होने के चलते जाने को तैयार नहीं हुए। विरोध के चलते पुलिस को निर्णय लेना पड़ा कि एक घंटे के लिए वाहन छोड़े जाएंगे और फिर एक घंटे तक भारी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। यह क्रम पूरे दिन चला।
इसके चलते हाईवे पर बार-बार जाम देखने को मिला। यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। वहीं, शहर के मंडी गेट के बाहर भी धान भरे ट्रैक्टर व ट्राली अधिक संख्या में पहुंचने के चलते जाम की स्थिति और विकराल रही। ऐसे में यातायात पुलिस को दिन भर मशक्कत करनी पड़ी।