बिधूना (औरैया)। चंदरपुर तिराहे के पास शनिवार की रात चोर परचून की दुकान का ताला तोड़कर नगदी समेत हजारों का सामान उठा ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। वारदात का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया।
चंदरपुर तिराहे के पास योगेश कुमार सिंह की परचून की दुकान है। शुक्रवार की शाम वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर अपने घर चले गए। दो दिन की साप्ताहिक बंदी होने से अगले दिन दुकान बंद थी। शनिवार की रात में किसी समय चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। दुकानदार योगेश कुमार ने बताया कि गोलक में रखे 15 हजार रुपये नगद के अलावा दुकान में रखा सिगरेट, पान मसाला, दालमोठ, बिस्किट, कोल्डड्रिंक समेत लगभग 70 हजार रुपये का सामान चोरी हुआ है। पीड़ित ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है।
उधर, लोगों में इस बात को लेकर काफी आक्रोश है कि कस्बे में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अभी तक एक भी खुलासा नहीं कर सकी है। दुकानदारों ने कहा कि यदि शीघ्र कस्बे में हुईं चोरियों का खुलासा पुलिस ने नहीं किया तो उन्हें मजबूरन पुलिस के खिलाफ सड़कों पर आने को मजबूर होना पड़ेगा।