एरवाकटरा। सड़क हादसे में घायल युवक ने इलाज के दौरान आगरा में दम तोड़ दिया। रात में लौटे परिजनों ने थाने के पास शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया, हालांकि पुलिस के समझाने के बाद वो मान गए और शव को लेकर चले गए।
परिजनों ने पिता के हत्यारों पर हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है। गांव नेहरा बोझ निवासी नीलेश कुमार बाइक से बीते सोमवार को कुदरकोट से भरथना के तालपार निवासी अपने मौसेरे भाई दुर्गेश कुमार के साथ जा रहे थे।
घर लौटते समय आरबीएस डिग्री कॉलेज के पास तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में नीलेश कुमार व दुर्गेश कुमार घायल हो गए थे।
दुर्घटना में घायल दुर्गेश का सैफई हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। जबकि नीलेश का इलाज आगरा स्थित हॉस्पिटल में चल रहा था। जहां पर इलाज के दौरान शनिवार को नीलेश ने दम तोड़ दिया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव घर ले जा रहे थे। इसी बीच एरवाकटरा थाने के सामने पहुंचते ही रिश्तेदारों ने वाहन को रोक दिया और आरोपियों पर जानबूझकर एक्सीडेंट कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों ने एक्सीडेंट करने वाले वाहन चालक को नीलेश के पिता के हत्यारों का रिश्तेदार बताया। उधर, सूचना पाकर सीओ बिधूना पुनीत मिश्रा व कोतवाल मय पुलिस फोर्स के संग पहुंचे। समझा कर मामला शांत किया।
मृतक के साले मनोज कुमार ने पूर्व में मृतक के पिता की हत्या के आरोपियों पर दुर्घटना कराकर नीलेश की हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी।